मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे शुभारंभ, 34 देशों के 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि होंगे शामिल
भोपाल में बुधवार से शुरू हो रहा मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट, ₹1,100 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव आएंगे
भोपाल के कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में बुधवार से 'मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट' का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। यह चार दिवसीय आयोजन प्रदेश की पर्यटन क्षमता को वैश्विक पटल पर स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव इस मार्ट का शुभारंभ करेंगे, जबकि संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस आयोजन में 34 देशों के 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि और 15 राज्यों के 180 घरेलू टूर ऑपरेटर्स सहित कुल 600 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। मार्ट का मूल उद्देश्य मध्य प्रदेश की तीव्र संवृद्धि को वैश्विक निवेश, आधुनिक अधोसंरचना और सतत आजीविका के अवसरों में रूपांतरित करना है। प्रबंध संचालक एमपी टूरिज्म बोर्ड इलैया राजा टी। ने बताया कि यह ट्रैवल मार्ट केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के सर्वांगीण आर्थिक विकास, स्थानीय रोजगार सृजन और वैश्विक सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने वर्ष 2025 में पर्यटकों के आवागमन में 57 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज किए जाने की जानकारी दी, जिससे प्रदेश में पर्यटकों का कुल आंकड़ा 21.05 करोड़ तक पहुंच गया। शुभारंभ अवसर पर ₹1,100 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों और अनुबंधों को अंतिम रूप मिलेगा, जिसमें सीहोर में ₹848.40 करोड़ का मेगा निवेश समझौता भी शामिल है। इस मार्ट में दुनिया भर के 34 से अधिक प्रमुख देशों के 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि और पर्यटन स्टेकहोल्डर प्रत्यक्ष सहभागिता कर रहे हैं। इनमें यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, इटली, ग्रीस, नीदरलैंड्स, पोलैंड, फिनलैंड, बुल्गारिया, बेलारूस, अल्बानिया, हंगरी और स्लोवाकिया जैसे प्रमुख यूरोपीय राष्ट्र शामिल हैं। अमेरिकी महाद्वीप से संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको; एशिया-प्रशांत क्षेत्र से ऑस्ट्रेलिया, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया, फिलीपींस और श्रीलंका; तथा पश्चिम एशिया व अफ्रीका से संयुक्त अरब अमीरात, इजराइल, मॉरीशस, केन्या और रूस के प्रमुख टूर ऑपरेटर्स व ट्रैवल लेखक भोपाल पहुंच चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी देश के 15 से अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 180 से अधिक प्रमुख घरेलू टूर ऑपरेटर्स इस आयोजन में भाग ले रहे हैं। इनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गोवा, हरियाणा, ओडिशा तथा जम्मू और कश्मीर के प्रतिनिधि शामिल हैं।

