मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम सभी को प्रकृति के प्रति कृतज्ञ भाव रखते हुए उसका पूजन और संरक्षण करना चाहिए। गोवर्धन पूजा हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर पूरा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुधन को जलप्रलय से बचाया था। मानवता की रक्षा और सामूहिक सहयोग का इससे उत्कृष्ट उदाहरण दूसरा नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज से अलग नहीं है। सामाजिक आयोजनों में सरकार की भागीदारी जरूरी है, इसलिए अब समाज के सभी प्रकार के आयोजनों में सरकार बढ़-चढ़कर शामिल होगी। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री शाह ने भोपाल में उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन केंद्र की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस केंद्र में प्रतिवर्ष 1 लाख भ्रूण पैदा किए जाएंगे। यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और गौवंश संरक्षण हमारी संस्कृति का मूल भाव है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 3 हजार से अधिक गौशालाओं के लिए 60 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि अंतरित की। उन्होंने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत प्रदेश के 10 उत्कृष्ट पशुपालकों सहित गौसेवकों और गौशाला संचालकों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में श्वेत क्रांति 2.0 के माध्यम से डेयरी सहकारिता को मजबूत किया जा रहा है। हमारा लक्ष्य अगले दो वर्षों में मध्य प्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है। इसके लिए दुग्ध संकलन क्षमता 12 लाख से बढ़ाकर 52 लाख किग्रा प्रतिदिन करने का लक्ष्य लिया गया है। मुख्यमंत्री ने गौसेवा के साथ पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि को भी सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ-एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा आधुनिक और आत्मनिर्भर गौशालाओं का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी प्रदेशवासियों से गौवंश संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और गांवों को समृद्ध बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
समाचार
CM डॉ. यादव ने किया बड़ा ऐलान, मध्य प्रदेश बनेगा देश की मिल्क कैपिटल
10 नवंबर 2026 को 11:42 pm बजे
