केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए देशभर के नेताओं का भोपाल आने का सिलसिला जारी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 12 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे। वे शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उनकी मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। रक्षा मंत्री के कार्यक्रम के मुताबिक, वे 12 नवंबर को शाम 4:40 बजे भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से शाम 5:15 बजे होशंगाबाद रोड स्थित वृंदावन गार्डन पहुंचेंगे। उनका यहां शाम 5:15 से 5:35 बजे तक का कार्यक्रम आरक्षित रखा गया है। शाम 6:05 बजे वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और दिल्ली लौट जाएंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने 4 नवंबर को भोपाल में शिवराज सिंह चौहान के निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की थी। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 5 नवंबर को शिवराज के पैतृक निवास जैत पहुंचे थे। उन्होंने पत्नी के साथ शोक संवेदना व्यक्त की थी। इनके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर भी 9 नवंबर को शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित निवास पहुंचे थे। मंगलवार, 10 नवंबर को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) शिवप्रकाश और सौदान सिंह भोपाल पहुंचकर शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करेंगे और शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी भोपाल आने का कार्यक्रम है। मां के निधन के बाद से ही शिवराज सिंह चौहान के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। शिवराज सिंह चौहान की दूसरी मां काशीबाई का 30 अक्टूबर 2026 को शुक्रवार सुबह भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया था। वे 76 वर्ष की थीं और लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। करीब एक सप्ताह तक एम्स में उनका उपचार चला। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर साकेत नगर स्थित निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। इसके बाद सीहोर जिले के पैतृक गांव जैत में दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई नेता अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। दरअसल, शिवराज सिंह चौहान की जैविक मां सुंदरबाई का निधन उनके बचपन में ही हो गया था। इसके बाद उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने दूसरा विवाह किया था। काशीबाई उनकी दूसरी मां थीं।
समाचार
राजनाथ सिंह 12 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे, शिवराज की मां को देंगे श्रद्धांजलि
10 नवंबर 2026 को 11:42 pm बजे

राजनाथ सिंह 12 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे, शिवराज की मां को देंगे श्रद्धांजलि
