प्रदेश में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। एनएटी (न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्टिंग) जाँच सुविधा का विस्तार अब 57 जिला स्तरीय ब्लड सेंटर्स तक किया गया है। पहले यह सुविधा प्रदेश के केवल दो हब सेंटर्स तक सीमित थी। अब इसे पाँच संभागों के शासकीय ब्लड सेंटर्स तक उपलब्ध कराया जा रहा है। इस नई व्यवस्था के तहत भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और रीवा स्थित पाँच शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों को एनएटी जाँच के हब सेंटर के रूप में स्थापित किया गया है। इन हब सेंटर्स से प्रदेश के विभिन्न जिलों के 57 स्पोक ब्लड सेंटर्स को जोड़ा गया है। सभी पाँच हब सेंटर्स पर 23 अक्टूबर 2026 से आईडी-एनएटी मशीनों की स्थापना की गई है। इन मशीनों द्वारा जाँच का संचालन भी प्रारंभ कर दिया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से रक्त में एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी जैसे संक्रमणों की पहचान विंडो पीरियड के दौरान भी संभव हो सकेगी। इस उन्नत तकनीक के माध्यम से संक्रमण की पहचान की अवधि को काफी कम किया जा सकेगा। पहले जहाँ यह अवधि लगभग 45 दिनों तक थी, वहीं अब यह घटकर केवल 5 दिन तक रह जाएगी। इससे संक्रमित रक्त के ट्रांसफ्यूजन का जोखिम काफी हद तक कम होगा। यह पहल मरीजों को अधिक सुरक्षित रक्त और रक्त अवयव उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस सुविधा का विशेष लाभ सिकल सेल एनीमिया, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया, डायलिसिस और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को मिलेगा। इन बीमारियों में मरीजों को बार-बार रक्त की आवश्यकता पड़ती है। एनएटी जाँच के माध्यम से ऐसे मरीजों को संक्रमणमुक्त एवं सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। यह संपूर्ण जाँच प्रक्रिया आधुनिक और उच्च तकनीक आधारित उपकरणों से पूरी तरह स्वचालित होगी। नमूनों की ट्रैकिंग, जाँच प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण और रिपोर्टिंग की निगरानी भी निर्धारित तकनीकी प्रणाली से सुनिश्चित की जाएगी। हब एवं स्पोक मॉडल के माध्यम से एनएटी जाँच सुविधा का विस्तार प्रदेश की रक्ताधान सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बनाएगा। यह व्यवस्था गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उपचार के दौरान सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
समाचार
चिकित्सा महाविद्यालयों में एनएटी जाँच शुरू, रक्त सुरक्षा को बढ़ावा
10 नवंबर 2026 को 11:42 pm बजे
चिकित्सा महाविद्यालयों में एनएटी जाँच शुरू, रक्त सुरक्षा को बढ़ावा
