आज विश्व विज्ञान दिवस है, जो हर साल 10 नवंबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विज्ञान के महत्व, मानव जीवन में इसकी उपयोगिता और विश्व शांति एवं विकास में इसकी भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विज्ञान ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, संचार और तकनीक जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व बदलाव लाए हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व विज्ञान दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर विश्व शांति, मानव कल्याण और अत्याधुनिक तकनीक से प्रगति के लिए विज्ञान के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने विज्ञान जगत की प्रतिभाओं को नमन किया। विज्ञान आधुनिक जीवन का आधार है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई दवाओं और चिकित्सा तकनीकों ने बीमारियों के इलाज को आसान बनाया है, जबकि कृषि में उन्नत बीज और नई तकनीकों से खाद्य उत्पादन बढ़ाने में मदद मिली है। संचार, परिवहन, शिक्षा और अंतरिक्ष अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में वैज्ञानिक खोजों ने दुनिया को नई दिशा दी है। जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और खाद्य सुरक्षा जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में भी विज्ञान की अहम भूमिका है। विश्व विज्ञान दिवस की नींव 1999 में बुडापेस्ट में आयोजित विश्व विज्ञान सम्मेलन के दौरान रखी गई थी। यूनेस्को ने 2001 में 10 नवंबर को यह दिवस मनाने की घोषणा की, और 2002 में यह पहली बार मनाया गया।
समाचार
CM ने दीं विश्व विज्ञान दिवस की शुभकामनाएं
10 नवंबर 2026 को 11:42 pm बजे
