31 मार्च 2026 तक देश नक्सलवाद के दंश से पूरी तरह मुक्त
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर 2021 से मनाया जा रहा राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस अब एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है। पिछले साल जनजातीय गौरव दिवस पर देश में 2 लाख से अधिक कार्यक्रम हुए थे। हर साल इस दिवस को भारी उत्साह के साथ मनाने की ललक बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस साल भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती हम दोगुने उत्साह से मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल देश को दो बड़ी उपलब्धियां मिली हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर मामले में वंचितों को विशेष प्राथमिकता देना सरकार की नीति रही है। इसी प्राथमिकता का परिणाम अब सामने आ रहा है। विश्व बैंक की एक हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि बीते 12 सालों में सरकार के प्रयासों से देश के 50 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकल चुके हैं। दूसरी उपलब्धि यह है कि 31 मार्च 2026 तक पूरा देश नक्सलवाद के दंश से पूरी तरह मुक्त हो गया है। ये दोनों उपलब्धियां देश और जनता के विकास के लिए नई ऊर्जा देती हैं। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रमों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस साल देश भर में करीब 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत के कई विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया गया। सरकार ने जनजातीय वीरों की स्मृति में कई बड़े कदम उठाए हैं। अब देश जनजातीय महानायकों के बलिदान को अधिक जान और सम्मान से याद कर रहा है। धार जिले के डही में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह हुआ। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले के लोगों को 1570 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 115 विकास कार्यों की सौगात दी।
