सिर में लगी सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से मृतक की पहचान एरोड्रम के ई-रिक्शा चालक विनय सोलंकी के रूप में हुई, जो 21 नवंबर से लापता थे
इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में सिग्नेचर हाइट्स के पास मिले अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शव बुरी तरह जल चुका था, इसलिए शिनाख्त बेहद मुश्किल थी। पोस्ट मॉर्टम के दौरान सिर में मिली सर्जिकल प्लेट पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग बनी। प्लेट पर दर्ज सीरियल नंबर से ही मृतक तक पहुंचने का रास्ता खुला। अरबिंदो अस्पताल का रिकॉर्ड खंगाला गया तो पता चला कि 2025 में सिर के ऑपरेशन के दौरान यह प्लेट लगाई गई थी। इसी आधार पर मृतक की पहचान एरोड्रम निवासी विनय सोलंकी के रूप में हुई। विनय ई-रिक्शा चालक थे और 21 नवंबर से लापता थे। एरोड्रम थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से परिजनों ने भी उनकी पहचान की। डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक पोस्ट मॉर्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि विनय की पहले गला घोंटकर हत्या की गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया गया। हत्या का मुख्य संदेही वंदना नगर, छोटा बांगड़दा का रहने वाला 26 वर्षीय अजय है। अजय के पिता का नाम महेंद्र कपारिया है और वह भी ई-रिक्शा चलाता है। अजय ने फिल्म 'दृश्यम' देखकर पुलिस को गुमराह करने और बचने की योजना बनाई थी। पुलिस लोकेशन ट्रेस न कर सके, इसलिए वारदात के वक्त वह अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गया। उसने सुजीत नाम के युवक को जैकेट दिलाने का बहाना बनाया। फिर वह विनय को घर के पास से अपने साथ ले गया। डीसीपी रावत ने स्पष्ट किया कि मारपीट या हत्या में सुजीत की कोई भूमिका नहीं थी। अजय को उसी के बयान के आधार पर पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक अजय विनय को अपने घर ले गया। वहां उसने विनय को गांजा पिलाया और फिर कंबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के लिए अजय ने उसे कंबल में लपेटा और ई-रिक्शा में रख दिया। ऊपर से उसने कपड़ों की गठरी रख दी, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद वह कई घंटों तक शहर में भटकता रहा। आखिर में आरआई-2 इलाके के सुनसान स्थान पर उसने कंबल समेत शव को आग लगा दी। सबूत मिटाने के लिए अजय ने अपने पहने हुए कपड़ों में भी आग लगा दी। इसके बाद वह घर जाकर सो गया। डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार जैकेट का विवाद केवल विनय को साथ ले जाने का बहाना था। हत्या की असली वजह यह थी कि अजय को शक था कि उसकी पत्नी की विनय से दोस्ती थी। विनय को घर में वीनू नाम से भी जाना जाता था। इसी रंजिश में अजय ने हत्या को अंजाम दिया। सुजीत से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मुख्य संदेही अजय कपारिया को हिरासत में ले लिया। उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।

