एक दिन में 16 स्तंभों और माड्यूल्स पर मंथन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में मंत्रि-परिषद् की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2 दिसंबर को नीति चिंतन शिविर होगा। इसमें सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, और कलेक्टर हिस्सा लेंगे। शिविर में कुल 2 सत्र रखे गए हैं। नीति चिंतन शिविर का पहला सत्र समृद्ध मध्य प्रदेश-2047 दस्तावेज पर केन्द्रित होगा। दूसरा सत्र सतत् विकास लक्ष्यों और अन्य विकास संकेतकों पर होगा। पहले सत्र में 8 विषयों पर नोडल विभाग प्रस्तुतिकरण देंगे। दूसरे सत्र में 8 माड्यूल्स पर प्रस्तुतिकरण होंगे। एक दिन में कुल 16 स्तंभों और माड्यूल्स पर मंथन किया जाएगा। सत्रों में नीतिगत और क्रियान्वयन चुनौतियों के समाधान पर चर्चा होगी। बीते 3 सालों की उपलब्धियों और आगामी रणनीति पर भी बात होगी। भविष्य का रोडमैप भी इन्हीं सत्रों में तय किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भोपाल के नाथू बरखेड़ा में बने अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के पहले चरण के लोकार्पण पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यहां लगभग सभी खेलों की सुविधाएं हैं। इस परिसर से भोपाल अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूती से स्थापित हुआ है। यहां के नए सिंथेटिक टर्फ पर महिला एशियन हाकी चैम्पियनशिप-2026 के मैच चल रहे हैं। चैम्पियनशिप में 6 एशियाई देशों- भारत, चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की महिला टीमें खेल रही हैं। मुख्यमंत्री ने 22 नवंबर को मैदान में मैच देखा। उन्होंने बताया कि भारतीय टीम ने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं। खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों का उत्साह चरम पर है। नाथू बरखेड़ा का परिसर लगभग 1 हजार करोड़ रुपए की लागत से 140 एकड़ भूमि पर बन रहा है। पहले चरण में हॉकी टर्फ, एथलेटिक्स ट्रेक, प्रेक्टिस फील्ड और दर्शक दीर्घा बनी हैं। दूसरे चरण में इण्डोर काम्पलेक्स, स्विमिंग काम्पलेक्स और छात्रावास बन रहे हैं। तीसरे चरण में क्रिकेट स्टेडियम और जिमनास्टिक हॉल बनेगा।
