छठी मैया के जयकारों से गूंजा मिथिला घाट
उज्जैन में छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम विक्रम सरोवर के मिथिला घाट पर आस्था का नजारा दिखा। यहां उत्तर भारतीय परिवारों की महिलाएं और श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे। व्रतधारियों ने पानी में खड़े होकर छठी मैया की पूजा की। उन्होंने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाट पर छठी मैया के जयकारे लगे और पारंपरिक गीत गूंजते रहे। श्रद्धालु पूजा की टोकरी में फल, ठेकुआ, गन्ना और अन्य प्रसाद लेकर पहुंचे। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह भी पत्नी के साथ मिथिला घाट पहुंचे। उन्होंने भी छठी मैया की पूजा की और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। कलेक्टर ने पर्व में शामिल होने को सौभाग्य बताया। उन्होंने श्रद्धालुओं को छठ की शुभकामनाएं दीं। छठ पर्व चार दिन तक मनाया जाता है। पहले दिन घरों की सफाई और पूजा की तैयारी होती है। दूसरे दिन खरना पर व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखती हैं। शाम को वे गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण करती हैं। तीसरे दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा किया जाता है। व्रती पिंकी ने बताया कि बिहार और उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारतीय परिवारों के लोग मिलकर यह पर्व मनाते हैं। इसमें साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। व्रती तीन दिन तक नियमों के साथ उपवास करते हैं। छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वर्चुअल रूप से जुड़कर सूर्यदेव को अर्घ्य देने की संभावना है। यह कार्यक्रम सोमवार सुबह होना निर्धारित है। श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर उत्साह बना हुआ है। घाट पर सुबह से ही तैयारियां और पूजा की व्यवस्था की जा रही है।

