करीब 20 हजार लोगों के जुटने का अनुमान है, जिसके लिए 1500 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती हो रही है। ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ब्यौहारी दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय कोल संस्कृति महोत्सव में करीब 20 हजार लोगों के जुटने का अनुमान है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1500 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है। शहडोल के अलावा डिंडौरी, कटनी, उमरिया और रीवा से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। बटालियन के एएसपी सहित अन्य जिलों से आए कई निरीक्षकों को भी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात किया गया है। ब्यौहारी विधायक की पहल पर आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव 13 से 15 दिसंबर तक ब्यौहारी के विनायक पैलेस में होगा। इसमें 10 से अधिक राज्यों के 300 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी है। असम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि इस आयोजन में पहुंचेंगे। महोत्सव में कोल समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी, भूमिहीनता, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है। महोत्सव में कोल समाज की पारंपरिक वेशभूषा, खान-पान, आभूषण, पूजा पद्धति और विवाह संस्कारों को प्रदर्शित किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विधायक शरद ने पारंपरिक कोलदहका नृत्य भी किया। आयोजन की शुरुआत समाज के स्मृति चिह्न और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले परिवार के एक सदस्य के ध्वजारोहण से हुई। इस दौरान कोल समाज के इतिहास और पूर्वजों के संघर्ष को याद किया गया।

