कांड में मृतकों की संख्या 14
देवास के चंदाना-बिंजाना में जहरीली शराब कांड के एक और पीड़ित राकेश जेठीवाल की बुधवार सुबह मौत हो गई। उन्होंने इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वे करीब डेढ़ महीने से बीमार थे और अब तक 14 लोगों की जान जा चुकी है। राकेश ने 12 अक्टूबर को शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें कई बार इलाज के लिए अरबिंदो अस्पताल ले गए। वे करीब 10 दिन तक वेंटिलेटर पर रहे और हालत सुधरने पर उन्हें घर भेज दिया गया था। परिजन के मुताबिक इलाज के दौरान राकेश की आंखों की रोशनी चली गई थी। उन्हें ठीक से दिखाई और सुनाई भी नहीं देता था। अस्पताल उन्हें नियमित जांच के लिए बुला रहा था। बुधवार सुबह राकेश की तबीयत फिर बिगड़ गई। बड़ा भाई दीपक और मां उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। रिश्तेदार रमेश प्रजापति के अनुसार राकेश परिवार में अकेले कमाने वाले थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से इलाज के लिए लोगों से मदद लेनी पड़ती थी। पिछले दो महीने से उनकी कमाई भी बंद थी और अब तक कहीं से मदद नहीं मिली। राकेश के तीन छोटे बच्चे हैं। उनकी पढ़ाई, परवरिश और परिवार चलाने का संकट अब पत्नी के सामने है। मौतों की शुरुआत 27 सितंबर को किशोर परमार की मौत से हुई। पुलिस ने 27 अक्टूबर को मुख्य आरोपी समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया। कुल 14 आरोपी बनाए गए हैं, जिनमें 3 अभी भी फरार हैं।

