मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैन इरिगेशन के स्टॉल पर ऑटोमेशन, ड्रिप इरिगेशन और टिश्यू कल्चर पौधों का अवलोकन किया
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को भोपाल में आयोजित तीन दिवसीय उद्यानिकी एवं कृषि प्रदर्शनी में जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड ने अपनी आधुनिक उद्यानिकी और कृषि तकनीकों तथा उत्पादों का प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शनी में कंपनी ने ऑटोमेशन, ड्रिप इरिगेशन, पीवीसी उत्पाद, हाईटेक टिश्यू कल्चर पौधे और विभिन्न बागवानी फसलों की उन्नत किस्मों को प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस दौरान विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और नई तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से लहसुन कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग, टिश्यू कल्चर से तैयार केले, आम और मौसंबी की उन्नत पौध सामग्री के साथ-साथ हरदा- नर्मदापुरम क्षेत्र में बागवानी विस्तार की योजनाओं में गहरी रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से लाभान्वित करने की दिशा में लहसुन कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग की पहल की विशेष सराहना की। यह प्रदर्शनी किसानों को नवीनतम कृषि पद्धतियों से अवगत कराने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई। प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को कंपनी के स्टेट हेड वी. डांगरिकर ने मध्य प्रदेश में कृषि और उद्यानिकी के क्षेत्र में कंपनी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। डांगरिकर ने बताया कि कंपनी प्रदेश में किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री को विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के बारे में अवगत कराया, जिनका उद्देश्य उन्नत कृषि तकनीकों का प्रसार करना और किसानों को बेहतर उपज प्राप्त करने में मदद करना है। मुख्यमंत्री ने कंपनी के प्रयासों को सराहा और कहा कि इस तरह की पहलें प्रदेश के कृषि विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। उन्होंने किसानों के लिए नई तकनीकों को सुलभ बनाने पर जोर दिया ताकि वे प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकें। जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड द्वारा प्रदर्शित की गई तकनीकों में ऑटोमेशन और ड्रिप इरिगेशन जैसी प्रणालियाँ शामिल थीं, जो पानी के कुशल उपयोग और लागत में कमी लाने में सहायक हैं।
