भोपाल पुलिस ने हमीदिया अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर एक अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया है। मृतिका कलरी देवी, जिनकी उम्र 60 साल थी, निवासी मल्टी अ-2 बाजपेई नगर, थाना शाहजहानाबाद भोपाल, की मृत्यु के संबंध में मर्ग क्रमांक 40/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मृतिका की मौत दम घुटने और श्वास नली के अवरुद्ध होने से हुई थी। जांच के दौरान, घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए। प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि किसी अज्ञात आरोपी ने मृतिका का मुंह और नाक दबाकर उसकी हत्या की और उसके जेवरात लूट लिए। इस गंभीर मामले को देखते हुए, अज्ञात आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय भोपाल संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इन निर्देशों के पालन में, पुलिस उपायुक्त जोन – 03 भोपाल आयुष गुप्ता, अति। पुलिस उपायुक्त जोन-03 शालिनी दीक्षित और सहायक पुलिस आयुक्त अनुभाग शाहजहाँनाबाद अनिल वाजपेयी के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी शाहजहाँनाबाद और स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई की। एसआईटी टीम ने घटना स्थल के आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इससे एक पड़ोसी महिला पर संदेह गहराया। हिकमत अमली से पूछताछ करने पर, आरोपी रेखा उर्फ रीता उर्फ रीत, जो कि स्व. सुरेश सुडरकर की विधवा है और मूल रूप से भुसावल महाराष्ट्र की निवासी है, हाल ही में ए-1/जी-7 मल्टी वाजपेयी नगर ईदगाह हिल्स भोपाल में रह रही थी, ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी रेखा ने बताया कि उसने मृतिका के पहने हुए जेवरात के लालच में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर घटना में लूटे गए सोने के झुमके, नाक की लौंग, पैरों की पायल और कुछ नकदी बरामद कर ली है। साथ ही, घटना के समय मृतिका द्वारा पहने गए कपड़े, चप्पल और आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
समाचार
लालच में आकर पड़ोसी महिला ने की थी हत्या, जेवरात लूटे
10 नवंबर 2026 को 11:42 pm बजे
