आबकारी टीमों ने शहर से गांवों तक जांच अभियान चलाया, 370 किलो लहान जब्त
उज्जैन में देवास की घटना के बाद आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार देर रात तक शहर से लेकर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आबकारी की टीमें सक्रिय रहीं। प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में आकस्मिक चेकिंग की गई। ढाबों पर खड़े ट्रकों को भी जांच के दायरे में लिया गया। अभियान के तहत आबकारी विभाग ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। विभाग ने 13 प्रकरण दर्ज किए और 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 8.04 बल्क लीटर देशी शराब और 1.26 बल्क लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। 370 किलोग्राम महुआ लहान भी बरामद किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 41 हजार 185 रुपए बताई गई है। उज्जैन में दो प्रकरण दर्ज कर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। खाचरौद में नारेली निवासी नागेश्वर के पास से 10 पाव देशी शराब मिली। ग्राम नायन में 40 किलो महुआ लहान बरामद कर नष्ट किया गया। नागदा के पारदी क्षेत्र में 60 किलो महुआ लहान नष्ट किया गया। बड़नगर वृत्त में सबसे ज्यादा 6 प्रकरण दर्ज किए गए। यहां 220 किलो महुआ लहान बरामद किया गया। उन्हेल-नागदा रोड स्थित शाही राजपूताना ढाबे से करण सिंह के कब्जे से 3 पाव देशी शराब जब्त की गई। धारा 36(बी) के तहत शंभू से 160 एमएल और गोविंद से 140 एमएल शराब जब्त की गई। तराना क्षेत्र में ग्राम खाखरी नाला से 50 किलो महुआ लहान बरामद किया गया। वहीं, राजेश से 10 पाव देशी शराब जब्त की गई। सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब की सूचना जुटाने के लिए मुखबिर सक्रिय किए गए हैं। उन्होंने आम लोगों से अवैध शराब से जुड़ी जानकारी विभाग को देने की अपील की है।


