मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह 11 बजे सैटेलाइट से चक्रवात की लोकेशन ट्रैक की। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अकवान आज शाम तक गंभीर तूफान में बदल सकता है। इसके 19 नवंबर की रात आंध्र प्रदेश तट से टकराने के आसार हैं। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि इस दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो 145 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंच सकती हैं। आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में 21 नवंबर तक तेज बारिश का अलर्ट है। चक्रवाती तूफान अर्नब और मुरासु के बाद अकवान 3 सप्ताह में आंध्र प्रदेश को प्रभावित करने वाला तीसरा तूफान होगा। पिछले दो तूफानों से करीब 7 हजार करोड़ रुपए की फसल बर्बाद हुई है। चक्रवाती तूफान अकवान के असर से अन्य राज्यों में भी 20-21 नवंबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है। उधर पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के कारण सर्दी बढ़ी है। कई राज्यों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ में बर्फबारी के बाद तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे नदी का पानी जमने लगा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत आठ राज्यों में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहा। हिमाचल प्रदेश में रोहतांग पास में सड़क पर ब्लैक आइस जमने से एक टूरिस्ट बस स्लिप हो गई। कश्मीर के गुलमर्ग में ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है। हिमाचल के रोहतांग पास इलाके में भी बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। मध्य प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात और सुबह के समय सर्दी का अहसास होने लगा है। दिल्ली में मंगलवार को इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है। ठंड के साथ दिल्ली की हवा भी खराब बनी हुई है। मंगलवार सुबह 8 बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 238 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। सिरिफोर्ट में सबसे ज्यादा एक्यूआई 333 रहा। बिहार में अगले 2 दिनों में पारा 1-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। राज्य के अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होगी। 72 घंटों तक सुबह के समय राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। मंगलवार सुबह वाराणसी, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर और रामपुर में कोहरा छाया रहा। काशी में विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर 20 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर खत्म होने के बाद सर्दी बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ में अकवान के असर से 21 नवंबर को दक्षिणी इलाकों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
समाचार
आंध्र में तीन हफ्ते में तीसरा तूफान
17 नवंबर 2026 को 11:06 pm बजे
