प्रदेश में पर्यटन को तेज़, सुगम और आरामदायक बनाने की दिशा में ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ एक सफल पहल बनकर उभरी है। अब तक 5 हजार 333 यात्रियों ने इस सेवा का लाभ उठाया है। इस सेवा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को सीधे हवाई मार्ग से जोड़ा गया है। इनमें उज्जैन और ओंकारेश्वर के पवित्र ज्योतिर्लिंग, मैहर स्थित मां शारदा मंदिर और भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट शामिल हैं। झीलों की नगरी और भोपाल, इंदौर, ओरछा और चंदेरी की ऐतिहासिक धरोहरें भी इस सेवा से जुड़ी हैं। कान्हा और बांधवगढ़ जैसे विश्वप्रसिद्ध टाइगर रिजर्व तक भी यात्री सुगमता से पहुंच रहे हैं। कम समय में विविध स्थलों तक पहुंच के कारण देश-विदेश के पर्यटक यात्रा का अनूठा अनुभव ले रहे हैं। सेवा के अंतर्गत आवास, भोजन और दर्शन सहित संपूर्ण यात्रा पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पैकेज में ठहरने, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए टैक्सी जैसी आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं।
समाचार
हेली सेवा से पर्यटन को नई उड़ान
15 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे
