भोपाल संवाद में पुलिस, विधिक संस्थाओं के बीच तालमेल पर जोर
मध्य प्रदेश सिविल सोसायटी नेटवर्क ने यूएन वुमन के सहयोग से भोपाल के पलाश होटल में घरेलू हिंसा पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। यह आयोजन ‘16 डेज़ ऑफ़ एक्टिविज़्म 2026’ के तहत हुआ। इसका विषय था, “जीवन के अनुभवों से संस्थागत कार्रवाई तक: घरेलू हिंसा समाप्त करने पर संवाद। ” कार्यक्रम में प्रभावित महिलाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, पुलिस और विधिक सेवा संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव रखे। चर्चा में कानूनी सहायता, संरक्षण और पुलिस की भूमिका पर बात हुई। पुनर्वास और सहायता तंत्र को ज्यादा असरदार बनाने के उपायों पर भी विचार हुआ। विनीत कपूर ने कहा कि पुलिस, संरक्षण अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका अहम है। उनके मुताबिक बेहतर तालमेल से महिलाओं को समय पर मदद मिल सकती है। हर मामले में महिला की परिस्थिति और इच्छा समझना जरूरी है। कपूर ने कहा कि कई महिलाएं शुरू में एफआईआर के बजाय परामर्श से समाधान चाहती हैं। पर कानूनी कार्रवाई मांगने पर शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि परामर्श का मकसद दबाव नहीं, सही विकल्पों से जोड़ना है। महिला ऊर्जा डेस्क का मकसद ऐसा सुरक्षित माहौल देना है, जहां महिलाएं बेझिझक बात रख सकें। कपूर ने कहा कि डेस्क की संख्या और प्रभाव बढ़ाने की कोशिश होगी। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से अपने इलाके के थानों की रिपोर्ट मांगी और भोपाल से शुरुआत की बात कही।
