दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना डॉ. मुफद्दल सैफुद्दीन साहब सोमवार रात करीब 9 बजे बड़नगर से उज्जैन पहुंचे। उन्होंने खाराकुआं स्थित हसनजी बादशाह की दरगाह पर जियारत की। इसके बाद कमरी मार्ग स्थित मजार-ए-नजमी पहुंचकर अपने पूर्वजों की मजार पर भी सिर झुकाया। सैयदना साहब नजमी परिसर स्थित भवन में रात्रि विश्राम के लिए चले गए। सैयदना डॉ. मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के उज्जैन आगमन पर उनके दीदार के लिए आसपास के शहरों से बोहरा समाजजनों का पहुंचने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। शाम होते-होते बड़ी संख्या में समाजजन खाराकुआं और कमरी मार्ग पर जुटना शुरू हो गए थे। हर कोई आकामौला की एक झलक पाने को आतुर नजर आ रहा था। जैसे ही धर्मगुरु सैयदना डॉ. मुफद्दल सैफुद्दीन यहां पहुंचे, 'मौला के हर्षोल्लास भरे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। समाजजनों की आंखें अपने प्रिय धर्मगुरु के दीदार की खुशी से छलक पड़ीं। इस दौरान खाराकुआं और कमरी मार्ग पर व्यवस्था संभालने के लिए भीड़ नियंत्रण में कुशल बुरहानी गार्डों को विशेष रूप से तैनात किया गया था। बताया जाता है कि सैयदना डॉ. मुफद्दल सैफुद्दीन साहब मंगलवार सुबह एक बार फिर मजार-ए-नजमी में जियारत करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भी उनसे मिलने की संभावना जताई जा रही है। यह मुलाकात उज्जैन में सैयदना साहब के प्रवास के दौरान हो सकती है। सैयदना डॉ. मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के तराना के लिए प्रस्थान करने की संभावना है। उनके अगले गंतव्य को लेकर समाज में उत्सुकता बनी हुई है। धर्मगुरु के आगमन से पूरे बोहरा समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके दर्शन के लिए दूर-दूर से आए लोगों की श्रद्धा देखते ही बन रही थी। हसनजी बादशाह और मजार-ए-नजमी पर विशेष दुआओं का दौर भी चला।
समाचार
उज्जैन पहुंचे बोहरा धर्मगुरु सैयदना सैफुद्दीन, समाजजन हुए भावुक
10 नवंबर 2026 को 11:42 pm बजे
