मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया, साथ ही कैप्टन स्मित मछार को भी याद किया
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2 अक्टूबर को भोपाल में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया। इस मौके पर उन्होंने पायलट कैप्टन स्मित मछार को भी याद किया, जिन्होंने इजरायल के यात्री विमान में अपनी जान की बाजी लगाकर यात्रियों की जान बचाई थी। मुख्यमंत्री यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह हम सबका सौभाग्य है कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महात्मा गांधी की भावनाओं और स्वदेशी के विचार को आगे बढ़ाते हुए देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में ले जा रहे हैं। आज हम 'मेक इन इंडिया' और 'मेड इन इंडिया' की भावना के साथ स्वदेशी को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह गर्व का विषय है कि हम देश की आजादी के दो महान नायकों की जयंती मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पधार रहे हैं। उनके आगमन से प्रदेश को स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के उद्घाटन सहित विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश नक्सलमुक्त हुआ है। इसी के साथ, हमारा राज्य अब शीघ्र नशा मुक्ति की ओर अग्रसर है।

