राजस्थान के जंगल में भूख-प्यास से तड़पता मिला था मुख्तार, अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई
24 साल के यासीन के पास से पिस्टल और जिंदा कारतूस मिला, उस पर करीब एक दर्जन केस हैं और जिला बदर होकर भी भोपाल में रहता रहा
भोपाल पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर रहे मुख्तार मलिक के बेटे यासीन मलिक उर्फ शोबी को टीला जमालपुरा से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एक महिला को गोली मारने के मामले में हुई है। पुलिस के मुताबिक यासीन ने पारिवारिक विवाद में महिला पर गोली चला दी थी। 27 दिन की जांच के बाद उसे सोमवार को पकड़ा गया। यासीन के पकड़े जाने से उसका गैंगस्टर पिता मुख्तार मलिक भी फिर चर्चा में आ गया है। एक समय मुख्तार का राजधानी और आसपास के इलाकों में जबर्दस्त आतंक था। उसने तत्कालीन CM तक को धमकी दे दी थी। उसके खिलाफ रायसेन और भोपाल के थानों में 56 केस दर्ज थे। मुख्तार मलिक का अंत बेहद दर्दनाक रहा। करीब 4 साल पहले राजस्थान के झालावाड़ के जंगलों में वह भूख-प्यास से तड़पता मिला था। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार यासीन मलिक ने गुस्से में अपनी पिस्टल से महिला पर गोली चलाई थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने कई कहानियां गढ़ीं। गिरफ्तारी के बाद उसके पास से एक पिस्टल बरामद की गई। पुलिस ने एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया है, और वारदात में इसी पिस्टल का इस्तेमाल हुआ था। 24 साल के यासीन मलिक के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब एक दर्जन आपराधिक केस दर्ज हैं। इनमें मारपीट और तोड़फोड़ से लेकर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। उसे दिसंबर 2025 में जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद वह भोपाल में ही रहता रहा, जिस पर बाद में उसे गिरफ्तार किया गया। मुख्तार मलिक मूल रूप से रायसेन जिले के गोहरगंज का रहने वाला था। वह 1982 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। 1995 में भोपाल की अदालत में खुलेआम गोलीबारी के बाद वह खूब चर्चित हो गया। उसने अपराध की शुरुआत हफ्ता वसूली और अड़ीबाजी से की थी। बाद में मुख्तार ने विवादित प्रॉपर्टी डीलिंग, जमीन पर कब्जा करने और कब्जा दिलाने जैसे काम शुरू कर दिए। मछली ठेके का काम भी उसके धंधे में शामिल हो गया। इस दौरान उस पर हत्या, के प्रयास और बलवा जैसे कई संगीन मामले दर्ज होते गए। उसके पास एके-47 से लेकर विदेशी माउजर, रिवाल्वर और ऑटोमेटिक पिस्टल जैसे आधुनिक हथियार थे। वर्ष 1995 में भोपाल अदालत में हुई गैंगवार के मामले में हाईकोर्ट ने मुख्तार मलिक को फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उसे बरी कर दिया था। कोहेफिजा इलाके में अहमदाबाद पैलेस के जमीन विवाद पर पुलिस ने उस पर केस दर्ज किया। इसके बाद वह फरार हो गया। मुख्तार की मौत 2022 में हुई थी। राजस्थान के झालावाड़ के असनावर में मछलियों के ठेके को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद मुख्तार को जंगल में भागना पड़ा। वह कई दिनों तक भूखा रहा और पानी के लिए भी तरस गया। जंगल में भटकते-भटकते मुख्तार मलिक के पैरों में छाले पड़ गए थे। पुलिस को वह गंभीर रूप से घायल हालत में जंगल में मिला। उसकी हालत बहुत खराब थी। अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। मुख्तार मलिक को गौहरगंज के कब्रिस्तान में ही दफनाया गया था। अब उसके बेटे यासीन की गिरफ्तारी से पिता का नाम फिर सामने आया है। पुलिस यासीन से जुड़े मामले की जांच के बाद की कार्रवाई कर रही है। बरामद पिस्टल और कारतूस इस मामले के अहम सबूत हैं।

