मध्य प्रदेश कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ (तहसीलदार संघ) के चुनाव में प्रदीप तिवारी ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में रविवार को हुए इस चुनाव में कुल 299 वोट डाले गए। इसमें प्रदीप तिवारी को सर्वाधिक 138 वोट मिले। वे अध्यक्ष पद के इकलौते ऐसे प्रत्याशी रहे, जो तिहरे अंकों तक पहुंचे। चुनाव का सबसे रोचक पहलू यह रहा कि अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार विजय कुमार त्यागी को शून्य वोट मिले। यानी वे अपना खुद का वोट भी हासिल नहीं कर पाए। हालांकि उन्होंने चुनाव के दौरान एक दूसरे उम्मीदवार को समर्थन दे दिया था। वहीं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अर्पित मेहता 149 वोट लेकर विजयी रहे। प्रदीप तिवारी 72 वोटों के बड़े अंतर से जीते। अध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में थे। प्रदीप तिवारी ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हर्ष विक्रम सिंह को 66 वोट पर मात दी। तीसरे नंबर पर अमित दुबे रहे, जिन्हें 57 वोट मिले। पंकज नयन तिवारी को 34 वोटों से संतोष करना पड़ा। मतगणना के दौरान 4 वोट निरस्त घोषित किए गए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए छह प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। अर्पित मेहता ने छवि पंत (109 वोट) को 40 वोटों के अंतर से हराया। देवेंद्र सिंह को 19, विश्राम बघेल को 15, संजय मिश्रा (अजय) को 2 और राजेश गौतम को 1 वोट मिला। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान विशेष रूप से उपस्थित रहे। एडीएम/एसडीएम आकाश श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर गुलाब सिंह बघेल, पीसी जैन और अवनीश मिश्रा मौजूद रहे।
समाचार
प्रदीप तिवारी तहसीलदार संघ के अध्यक्ष बने
15 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे
प्रदीप तिवारी तहसीलदार संघ के अध्यक्ष बने
