मिट्टी से खिलौने, प्रकृति से जुड़ाव सीखते बच्चे
कल्पनाशक्ति और कौशल को बढ़ावा
जबलपुर जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘माटी अनमोल’ नवाचार के तहत बच्चे हर गुरुवार को मिट्टी से खिलौने बनाकर प्रकृति से जुड़ रहे हैं। इस पहल से बच्चों की कल्पनाशक्ति और कौशल को बढ़ावा मिल रहा है। भोपाल: 10 नवंबर, 2026, कहीं नन्हें हाथ मिट्टी से हाथी- घोड़े बना रहे हैं, तो कहीं छोटी-छोटी मटकियां, दीये और मनपसंद आकृतियां आकार ले रही हैं। मिट्टी को गूंथते, उसे आकार देते और प्राकृतिक रंगों से सजाते हुए बच्चे न केवल अपनी कल्पनाओं को साकार कर रहे हैं, बल्कि खेल-खेल में प्रकृति और मिट्टी का महत्व भी समझ रहे हैं। ‘माटी अनमोल’ नवाचार, जो ‘प्रकृति से जोड़ो’ अभियान का हिस्सा है, बच्चों के लिए आनंद और अनुभव से सीखने का माध्यम बन रहा है।
स्वयं के हाथों से तैयार खिलौने बच्चों को सृजन का आनंद देने के साथ उनकी प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का अवसर भी प्रदान कर रहे हैं। गतिविधियों में स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है। मिट्टी को बारीक छानकर उसमें कंकड़, कांच और अन्य हानिकारक वस्तुएं नहीं होने की पुष्टि की जाती है। बच्चों के नाखून साफ रखने, मिट्टी मुंह में नहीं डालने तथा गतिविधि के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धुलवाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
यह नवाचार आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति बच्चों का आकर्षण बढ़ाने और उनकी नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करने में भी मदद कर रहा है। रोचक गतिविधियों से यह सुनिश्चित होता है कि बच्चे खेल-खेल में सीखें और स्कूल आने में रुचि लें। जबलपुर जिले का ‘माटी अनमोल’ नवाचार आंगनवाड़ी केंद्रों में आनंदमयी और अनुभव आधारित शिक्षा का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। यह पहल बच्चों को प्रकृति से जोड़ने के साथ-साथ पारंपरिक मिट्टी के खिलौनों और स्थानीय कला-संस्कृति से भी परिचित करा रही है।
