ग्रामीणों ने आग की सूचना के 2 घंटे बाद भी दमकल न पहुंचने का लगाया आरोप
सीहोर जिले के इछावर में शुक्रवार सुबह एक नमकीन और मसाला फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखा नमकीन, मिर्च-मसाले, पैकेजिंग सामग्री और मशीनें जलकर खाक हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कोर्ट रोड से गुजर रहे लोगों ने फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें निकलते देखीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिशें शुरू कर दीं। ग्रामीणों का आरोप है कि आग की सूचना देने के करीब 2 घंटे बाद भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि यदि समय पर दमकल पहुंच जाती तो आग को शुरुआती स्तर पर ही काबू किया जा सकता था। सूचना के इतने लंबे समय बाद भी फायर ब्रिगेड के न पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इस घटना में फैक्ट्री की मशीनें, नमकीन, मिर्च-मसाले और पैकेजिंग सामग्री जलकर खाक हो गईं।

