बुधवार तड़के भस्म आरती में भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला पहनाई गई
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का गणेश स्वरूप में श्रृंगार किया गया। मंदिर के पट खुलते ही सबसे पहले वीरभद्र जी को प्रणाम किया गया। इसके बाद स्वस्ति वाचन हुआ। पुजारियों ने आज्ञा लेकर चांदी द्वार खोला और गर्भगृह में प्रवेश किया। वहां उन्होंने भगवान का पुराना श्रृंगार उतारा। इसके बाद पंचामृत पूजन हुआ और कर्पूर आरती की गई। पूजन की शुरुआत बाबा महाकाल के जल से अभिषेक से हुई। फिर दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया गया। इस तरह अभिषेक और पंचामृत पूजन की पूरी विधि निभाई गई। श्रृंगार में भांग, चंदन और सिंदूर का इस्तेमाल किया गया। इन्हीं से भगवान को गणेश स्वरूप में सजाया गया। इसके बाद ड्रायफ्रूट, फल और मिठाई का भोग लगाया गया। भोग के बाद बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की गई। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से यह भस्म चढ़ाई गई। इस दौरान भगवान को कई सामग्रियों से सजाया गया था। श्रृंगार के दौरान भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट पहनाया गया। गले में चांदी की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। सुगंधित पुष्पों से बनी माला भी अर्पित की गई। नंदी हॉल में नंदी जी का स्नान, ध्यान और पूजन हुआ। भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं।

