ग्वालियर में ठंड से बचने के लिए गले में डाला गया शॉल एक बुजुर्ग की जान ले गया। रेलवे स्टेशन जाने के लिए टेंपो में बैठे 77 वर्षीय नंदकिशोर सिंह गौतम का शॉल सीट के नीचे लगी मोटर में फंस गया। गले में फंदा कसा और वे झटके से सड़क पर जा गिरे। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। हादसा सोमवार शाम करीब 7 बजे स्टेशन से 100 मीटर पहले मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के पास हुआ। टेंपो में सवार लोगों और राहगीरों ने नंदकिशोर सिंह गौतम को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पड़ाव थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस में रखवा दिया है। पुलिस ने टेंपो को जब्त कर लिया है। चालक के खिलाफ जांच की जा रही है। नंदकिशोर सिंह गौतम मुरार के परसादीपुरा स्थित संकट मोचन नगर में रहते थे। घर के पास ही उनकी दुकान थी। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में उनका मकान बन रहा है। इस मकान से जुड़ी जमीन के केस के सिलसिले में वे आजमगढ़ जाने के लिए घर से निकले थे। वे मुरार से टेंपो क्रमांक एमपी07 आरए-5809 में चालक के बगल वाली आगे की सीट पर बैठे थे। टेंपो मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के पास पहुंचा तो उनके गले में लिपटा शॉल नीचे लटककर मोटर में फंस गया। शॉल खिंचने से गले में फंदा कस गया। चालक के टेंपो रोकने से पहले ही वे झटके से सड़क पर गिर पड़े। मृतक के 18 वर्षीय पोते प्रदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 6 बजे किसी राहगीर ने दादाजी के मोबाइल से फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर प्रदीप को पता चला कि पुलिस उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले गई है। पोते प्रदीप और पोती चेतना सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव के मुताबिक टेंपो चालक से पूछताछ और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
समाचार
ग्वालियर में टेंपो की मोटर में शॉल फंसा, गले में फंदा कसा, बुजुर्ग की मौत
17 नवंबर 2026 को 11:06 pm बजे

ग्वालियर में टेंपो की मोटर में शॉल फंसा, गले में फंदा कसा, बुजुर्ग की मौत
