समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
समाचार
इंदौर के फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम का बुधवार सुबह कारोबारियों ने विरोध किया। महिलाओं ने गुस्से में सब्जियां फेंककर अपना विरोध जताया। इसी हंगामे के बीच नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। धक्का-मुक्की के दौरान एक अधिकारी सड़क पर गिर गए। सोनिला मिमरोट ने आरोप लगाया कि नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के लिखित आदेश नहीं दिखाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से लिखित आदेश मांगा और आदेश मिलने पर पूरा सहयोग करने की बात कही। कार्रवाई के अधिकार को लेकर भी उन्हें साफ जवाब नहीं मिला। उन्होंने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट का भी आरोप लगाया। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल के मुताबिक मिमरोट और सब्जी विक्रेताओं समेत 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नगर निगम के रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव ने बताया कि टीम अवैध मंडी हटाने पहुंची थी। व्यापारियों को समझाइश दी जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने कर्मचारियों से बदसलूकी और मारपीट की। इसमें दो कर्मचारियों को चोटें आई हैं। शिवराज यादव ने कहा कि मंडी खाली करा दी गई है। उनके मुताबिक अब यहां दोबारा मंडी नहीं लगने दी जाएगी। पुलिस ने मौके पर 5 थानों का फोर्स लगाया था। पुलिस का कहना है कि सभी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस नेता प्रतिपक्ष मिमरोट समेत हिरासत में लिए गए 7 लोगों को पेशी के लिए कोर्ट ले गई। कोर्ट के बाहर सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। सब्जी विक्रेता महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने के बाहर बैठी रहीं। समाजसेवी प्रहलाद पांडे को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह करीब 4 बजे पुलिसकर्मी चैनल गेट फांदकर उनके घर में घुस आए। पत्नी संगीता ने वीडियो बनाना शुरू किया तो पुलिसकर्मी कैमरे से बचने लगे। पांडे को आशंका है कि पुलिस ने यह कार्रवाई विरोध प्रदर्शन रोकने के लिए की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता गरीबों की आवाज उठाते हैं तो उनके साथ मारपीट होती है। चौकसे के मुताबिक नेता प्रतिपक्ष पर सरकारी काम में बाधा का केस दर्ज हुआ, पर उनके साथी से मारपीट पर केस नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जेल जाने को तैयार हैं। चौकसे ने कहा कि साढ़े चार सौ परिवारों के लिए लड़ना गुनाह है तो कार्यकर्ता आगे भी लड़ेंगे। उन्होंने मेयर पर बिना सोचे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की घोषणा करने का आरोप लगाया और हॉकर्स जोन बनाने की बात कही। पार्षद राजू भदौरिया ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी मिमरोट से मारपीट की। भदौरिया खुद को लात मारने के मामले में थाने में एफआईआर की तैयारी में थे।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया