निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी परखी गई
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने को शहर में नए ब्रिज बनाए जा रहे हैं। सोमवार को संभागायुक्त और कलेक्टर ने तीन निर्माणाधीन ब्रिजों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने इनका निर्माण सिंहस्थ से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने साफ कहा कि सभी काम तय समयसीमा में पूरे होने चाहिए। अधिकारियों ने मौके पर निर्माण की मौजूदा स्थिति देखी। अधिकारियों ने सबसे पहले लालपुर-मक्सी मार्ग पर बन रहे अतिरिक्त रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का जायजा लिया। इसके बाद उज्जैन-मक्सी मार्ग पर आईटीआई के सामने बन रहे टूलेन अतिरिक्त आरओबी को देखा। तीसरा निरीक्षण इंदौर रोड पर रहा। इंदौर रोड पर तपोभूमि से हामूखेड़ी मार्ग के बीच शिप्रा नदी पर पुल बन रहा है। अधिकारियों ने इस पुल के काम की भी जानकारी ली। यह पुल भी सिंहस्थ की तैयारियों का हिस्सा है। संभागायुक्त आशीष सिंह ने निर्माण एजेंसियों से प्रत्येक ब्रिज की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान इन मार्गों पर श्रद्धालुओं और वाहनों का दबाव बढ़ेगा। इसलिए ब्रिज निर्माण में देरी नहीं होनी चाहिए। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरे किए जाएं। साथ ही गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाए। शहर को आसपास के मार्गों से जोड़ने और यातायात का दबाव कम करने के लिहाज से ये तीनों ब्रिज महत्वपूर्ण हैं। सिंहस्थ से पहले इनका निर्माण पूरा होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

