डेढ़ लाख उपभोक्ता एक साल से खपत 145 यूनिट पर ही रोके हुए हैं
भोपाल में स्मार्ट मीटर के दौर में बिजली बचाने का नया ट्रेंड चल पड़ा है। बिजली कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक डेढ़ लाख उपभोक्ताओं ने खपत का कड़ा टारगेट तय कर लिया है। ये उपभोक्ता एक साल से अपनी खपत 145 यूनिट पर ही रोके हुए हैं। 150 यूनिट से ज्यादा खपत होने पर सरकारी सब्सिडी खत्म हो जाती है। 150 यूनिट के अंदर खपत रहे तो बिल 300 रुपए के आसपास आता है। इससे ऊपर जाने पर बिल 1100 रुपए से 1200 रुपए तक बन जाता है। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता अब बिजली खपत को रियल-टाइम में देख पाते हैं। वे मोबाइल ऐप से जान रहे हैं कि दिन में किस समय लोड सबसे ज्यादा रहता है। जीएम पीएस चौहान के मुताबिक कई उपभोक्ताओं ने इसी तरह अपना बिल नियंत्रित किया है।

