संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने संभाग के सभी जिलों में स्वामित्व योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि संभाग प्रदेश में अव्वल बन सके। उन्होंने सोमवार को कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित एक समीक्षा बैठक में यह बात कही। बैठक में राजस्व, लोकसेवा गारंटी प्रबंधन और विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया। संभागायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों और स्वामित्व योजना की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संभागायुक्त शर्मा ने विशेष रूप से लंबित भूमि आवंटन, CM हेल्पलाइन, लोकसेवा गारंटी अधिनियम और विकास शाखा के प्रकरणों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। बैठक में इस बात पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए कि भोपाल जिले में राजस्व एवं लोकसेवा गारंटी योजना के लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक है। संभागायुक्त शर्मा ने राजस्व और लोकसेवा प्रबंधन में संभाग में लंबित प्रकरणों के साथ-साथ 50 दिन से अधिक पुराने विभागीय शिकायतों पर भी तत्काल ध्यान देने को कहा। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की CM हेल्पलाइन शिकायतों के संबंध में, संभागायुक्त ने संभाग के सभी जिलों में भोपाल और रायसेन के संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिकायतों का प्रभावी ढंग से समाधान किया जाना चाहिए। संभागायुक्त शर्मा ने न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाबदावा प्रस्तुत करने और दिए गए निर्णयों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि न्याय प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य करना होगा। छात्रवृत्ति के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। संभागायुक्त ने कहा कि छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। इस अवसर पर संभागायुक्त शर्मा ने इस वर्ष संभाग कार्यालय के पदोन्नत अधिकारी और कर्मचारियों को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित भी किया।
समाचार
स्वामित्व योजना प्रगति पर मंथन, संभाग को अव्वल बनाने के निर्देश
2 नवंबर 2026 को 10:51 pm बजे

स्वामित्व योजना प्रगति पर मंथन, संभाग को अव्वल बनाने के निर्देश
