राजगढ़ में दीपावली पर यात्री परिवहन व्यवस्था ठप, सरकारी सेवा का भी लाभ नहीं
त्योहारों पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि राजगढ़ जिले में दीपावली के कारण यात्री परिवहन व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। राजगढ़ सहित प्रमुख शहरों के बस स्टैंड पर दो दिनों तक सन्नाटा पसरा रहा। निजी बस ऑपरेटरों ने दीपावली और उसके अगले दिन परंपरा के नाम पर बसों का संचालन बंद रखा। इससे गांव से शहर और शहर से गांव जाने वाले यात्रियों को ऑटो, बाइक और निजी वाहनों के भरोसे सफर करना पड़ा। कुछ ऑटो चालकों द्वारा निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने की शिकायतें भी सामने आईं। दीपावली के दिन सुबह कुछ बसें चलीं, लेकिन दोपहर बाद से सोमवार पड़वा तक यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। राजगढ़, पचोर, जीरापुर और खुजनेर के बस स्टैंड पर लोग बसों का इंतजार करते रहे, लेकिन निर्धारित रूट की बसें नहीं पहुंचीं। जिले में सार्वजनिक परिवहन का कोई वैकल्पिक सरकारी इंतजाम भी नहीं है। सितंबर में शुरू हुई मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का लाभ भी जिले को नहीं मिला है। प्रदेश सरकार ने 25 सितंबर को यात्रियों को सस्ती और व्यवस्थित सुविधा देने के लिए यह सेवा शुरू की थी। शुरुआत में प्रमुख शहरों के बीच बसें चलाकर बाद में जिलों और बड़े कस्बों तक विस्तार की बात कही गई थी। लेकिन डेढ़ महीने बाद भी जिले में एक भी बस शुरू नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, वर्तमान में भोपाल से गुना जाने वाली दो बसें ही नरसिंहगढ़ और ब्यावरा क्षेत्र से गुजरती हैं। जिला मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों के लिए अलग बस सेवा उपलब्ध नहीं है। जिले के अधिकांश यात्री ग्रामीण क्षेत्रों से हैं, जिन्हें निजी बसों पर ही निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में, त्योहार के मौके पर बसों का बंद होना यात्रियों के लिए एक बड़ी समस्या बन गया। लोगों को यात्रा के लिए ऑटो और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा, जिसमें उन्हें अधिक किराया भी देना पड़ा।
