मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को हर्रई थाना क्षेत्र के बायपास स्थित करन पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक और आयशर वाहन आमने-सामने भिड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आयशर चालक और ट्रक में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भीषण टक्कर में ट्रक चालक रविंद्र सिंह कोडर की घटनास्थल पर ही मौत हुई। मृतक उत्तर प्रदेश के ललितपुर का निवासी था। दुर्घटना में आयशर वाहन का चालक तथा ट्रक में सवार दो अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही हर्रई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार और तकनीकी खामियों के चलते वाहनों के टकराने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी और सड़क निर्माण एजेंसी सुरक्षा इंतजाम करने में नाकाम साबित हो रहे हैं।
समाचार
हर्रई बायपास पर ट्रक-आयशर भिड़ंत, चालक की मौत
15 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे
