हवन, तिलक और तुलादान हुआ; श्रद्धालुओं ने गोवंशों को गुड़, चारा, काकड़े और खली खिलाई, दाल-थूली महाप्रसादी बंटी
मनावर के ग्राम सिंघाना में स्थित शासकीय मां हरसिद्धि गौशाला में मंगलवार को गोपाष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने गोवंशों का पूजन किया और उनका आकर्षक श्रृंगार किया। इसके बाद सभी ने महाआरती में हिस्सा लिया। कार्यक्रम सुबह से शाम तक चला। गौशाला में हवन, पूजन-अर्चन, संतों के प्रवचन और गौसेवा से जुड़े कई आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने गोवंशों को गुड़, चारा, काकड़े और खली खिलाकर सेवा की। गौशाला पहुंचने वाले भक्तों के लिए दाल-थूली की महाप्रसादी की व्यवस्था की गई। आयोजन में बच्चों से लेकर बड़ों तक ने तुलादान भी किया। महोत्सव की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन से हुई। इसके बाद गोवंशों को तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किए गए। फिर उन्हें थूली का भोग लगाया गया। ग्राम पंचायत सिंघाना के उप सरपंच संदीप अग्रवाल ने बताया कि आयोजन में नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गौभक्त शामिल हुए। उन्होंने बताया कि गोपाष्टमी पर भगवान कृष्ण और गायों की पूजा की जाती है। यह पर्व इसी परंपरा से जुड़ा है। गौसेवक मुकेश मेहता ने बताया कि मां हरसिद्धि गौशाला में जनसहयोग से करीब 800 गोवंशों की सेवा की जाती है। गौशाला का संचालन लोगों के सहयोग पर टिका है। गोपाष्टमी पर यही सेवा भाव बड़े आयोजन के रूप में दिखा। गोपाष्टमी पर क्षेत्र के प्रसिद्ध संत देवा बाबाजी और कथाकार राधे भैय्या विशेष रूप से मौजूद रहे। संतों ने भारतीय संस्कृति में गौ माता के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने गौसेवा और गौ संरक्षण जैसे विषयों पर भी बात की। मुकेश मेहता ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज में गौसेवा, संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। संदीप अग्रवाल ने बताया कि मान्यता है कि इस दिन गौ माता की पूजा करने से 33 कोटि देवी-देवताओं का आशीर्वाद मिलता है। मान्यता के अनुसार घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है।

