आधे घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
उज्जैन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर एक बुजुर्ग महिला यात्री हादसे का शिकार हो गईं। प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 के बीच रैंप के पास लगी लोहे की जाली में उनका पैर फंस गया। महिला काफी देर तक पैर निकालने की कोशिश करती रहीं। लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सकीं। सूचना मिलने पर आरपीएफ और रेलवे की टेक्नीशियन टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इसके बाद कटर से जाली काटकर महिला का पैर सुरक्षित बाहर निकाला गया। महिला को जाली से मुक्त कराने में रेलवे कर्मचारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला शाजापुर से उज्जैन आई थीं। स्टेशन पर रैंप से उतरते समय उन्होंने जैसे ही पैर नीचे रखा, वह पास की लोहे की जाली में फंस गया। काफी कोशिश के बाद भी पैर नहीं निकला। तब रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ को सूचना दी गई। रेलवे की टेक्नीशियन टीम ने मौके पर पहुंचकर कटर की मदद से जाली काटना शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला का पैर बाहर निकल आया। राहत की बात रही कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में रेलवे कर्मचारी कटर से जाली काटकर महिला का पैर निकालते दिखाई दे रहे हैं। यह रेस्क्यू स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच भी चर्चा का विषय रहा। आरपीएफ थाना पुलिस के अनुसार महिला का पैर निकालने के बाद संबंधित जाली को फिलहाल कवर कर दिया गया है। यह कदम हादसे की आशंका को देखते हुए उठाया गया है। मकसद यह है कि भविष्य में किसी अन्य यात्री के साथ ऐसी घटना न हो। रैंप के पास लगी यह जाली प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 के बीच है। इसी जाली में महिला का पैर फंसा था। फिलहाल उसे ढककर रखा गया है।

