लोकभवन की समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने मैदानी अमले को सक्रिय रखने को कहा
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने बुधवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में पशुपालन और डेयरी विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना जनजातीय समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण की अहम योजना है। राज्यपाल के अनुसार योजना का उद्देश्य जनजातीय परिवारों को आजीविका का साधन देकर उनका जीवन स्तर सुधारना है। उन्होंने योजना की लगातार और प्रभावी मॉनिटरिंग कराने तथा मैदानी अमले को सक्रिय रखने को कहा। पटेल ने कहा कि पशुपालकों से फीडबैक लिया जाए और लक्ष्यों की पूर्ति में तेजी लाई जाए। हितग्राहियों को पशुओं के पालन-पोषण, स्वास्थ्य और दूध बिक्री की जरूरी जानकारी और समय-समय पर प्रशिक्षण भी दिया जाए। राज्यपाल ने पशुपालकों से लगातार संवाद रखने और उनकी कठिनाइयों का तुरंत समाधान करने को कहा। योजना की प्रगति रोकने वाली मैदानी शिकायतों या गतिविधियों पर भी तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि चिन्हित जनजातीय पशुपालकों को दूसरे जिलों और राज्यों का भ्रमण कराया जाए। इससे वे उन्नत पशुपालकों के सफल अनुभव जान सकेंगे।
