उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंगलवार 17 नवंबर को मंत्रालय में भारतीय मजदूर संघ के साथ अहम बैठक की। बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने उनके सामने कई मांगें रखीं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संघ की मांगों पर गौर किया जाए और नियमानुसार यथा संभव समाधान निकाला जाए। बैठक खत्म होने के बाद संघ के पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री शुक्ल का आभार व्यक्त किया। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा रश्मि अरुण शमी बैठक में उपस्थित थीं। आयुक्त धनराजू एस और मिशन संचालक संस्कृति जैन भी मौजूद रहे। भारतीय मजदूर संघ ने मांग रखी कि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया का जारी गजट शासन लागू करे। संघ ने फार्मासिस्ट का ग्रेड-पे 2800 करने की भी मांग की। संघ ने उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर फार्मासिस्ट के पद स्वीकृत कर भर्ती करने को कहा। फार्मासिस्ट भर्ती की योग्यता में गणित विषय के अभ्यर्थियों को जोड़ने के लिए नियमों में संशोधन की मांग भी रखी गई। स्वशासी संस्थाओं के कर्मचारियों के एंप्लॉयी कोड बनें, ग्रेच्युटी मिले और एनएसीओ कर्मचारियों को संविदा नीति का लाभ दिया जाए।
