अभिनेता ने कहा, सब कुछ बाबा का दिया हुआ है, उनसे सक्षम बनाने की प्रार्थना की है
दोपहर करीब 12 बजे दोनों ने जल द्वार से मंदिर में प्रवेश कर दर्शन किए, इसके बाद नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया और बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया
उज्जैन में बुधवार को बाबा महाकाल के दरबार में फिल्मी दुनिया और प्रेरक मंच का संगम दिखा। अभिनेता विवेक ओबेरॉय और मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा दर्शन करने पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे दोनों ने जल द्वार से मंदिर में प्रवेश किया। दर्शन के बाद नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया और बाबा का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद विवेक ओबेरॉय ने मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि अपनी फिल्म 'रामायण' की फीस गरीब बच्चों को दान करने का फैसला क्यों लिया। उन्होंने कहा कि रामजी की फिल्म है, इसलिए मन में आया कि इसमें पैसे नहीं लेने चाहिए। इस फैसले की वजह उन्होंने सीधे अपने मन की प्रेरणा को बताया। विवेक ओबेरॉय से पूछा गया कि उन्होंने बाबा महाकाल से क्या मांगा। जवाब में उन्होंने कहा कि सब कुछ बाबा का ही दिया हुआ है। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा उन्हें सक्षम बनाएं, ताकि वे अच्छे निमित्त और माध्यम बन सकें। अभिनेता ने जनसेवा का मौका मिलने की कामना भी की। उन्होंने कहा कि उज्जैन और पूरे मध्य प्रदेश में इस समय विकास के बहुत काम हो रहे हैं। उनकी इच्छा है कि इन कामों में उनका भी छोटा-सा योगदान हो सके। साथ ही उन्होंने परिवार की खुशहाली और सभी के स्वस्थ रहने की प्रार्थना की। फीस दान करने के सवाल पर विवेक ओबेरॉय ने कहा कि इस बारे में कुछ कहना उचित नहीं होगा। उनके मुताबिक करके बताना अच्छी बात नहीं है। बस मन में आया कि रामजी की फिल्म है, इसमें पैसे नहीं लेने चाहिए। विवेक ओबेरॉय के साथ मौजूद एक व्यक्ति ने उनके सेवा कार्यों की जानकारी दी। उसने बताया कि अभिनेता पिछले 25 साल से दान और सेवा के काम कर रहे हैं। उसके मुताबिक उन्होंने वृंदावन में कई बच्चों को गोद भी लिया है। मोटिवेशनल स्पीकर और बिजनेस कोच डॉ. विवेक बिंद्रा ने युवाओं को सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि पांच बातों का ध्यान रखना चाहिए और ऐसा काम चुनना चाहिए जो आता हो, पसंद हो और जिसकी बाजार में मांग हो।

