कमिश्नर अहिरवार ने कहा, जांच करवा रहे हैं और रहवासी चाहेंगे तभी यह व्यवस्था लागू होगी
भोपाल की कॉलोनियों में पानी सप्लाई और जलकर वसूली का काम निजी हाथों में देने के फैसले पर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस खुलकर विरोध में उतर आई है। बुधवार को कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एमआईसी ने बंद कमरे में फैसला ले लिया और प्रस्ताव परिषद में आया ही नहीं। कांग्रेस नेताओं ने दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। जलप्रदाय, जलकर वसूली और पाइपलाइन के रखरखाव की जिम्मेदारी गजानंद सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दी गई है। निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने कहा कि सिक्योरिटी का काम देखने वाली कंपनी को पानी सप्लाई सौंपना समझ से परे है। कमिश्नर से बात करते समय कांग्रेसियों ने जलकार्य अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग को घेर लिया। कंपनी को कॉलोनियों की जिम्मेदारी सौंपने के तीन आदेश सामने आए हैं। इनके मुताबिक गजानंद सिक्योरिटी फोर्स भोपाल शहर की ऐसी कॉलोनी या संस्थान में पानी सप्लाई करेगी, जहां 101 से 250 आवास हैं और बल्क कनेक्शन दिए गए हैं। कंपनी जलकर वसूली और संचालन- संधारण भी कर सकेगी। शबिस्ता जकी के मुताबिक इसकी कोई मंजूरी परिषद से नहीं ली गई। शबिस्ता जकी ने आरोप लगाया कि एमआईसी ने परिषद की स्वीकृत नीति बदल दी। उनके अनुसार एमआईसी ने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर जलापूर्ति जैसी बुनियादी सेवा निजी कंपनी को सौंप दी। नगर निगम लगभग ₹250 जल प्रभार लेता है। वहीं निजी कंपनी जनता से 700 रुपए तक वसूल रही है। जकी ने इसे भोपाल की जनता के साथ धोखा और नगर निगम के निजीकरण की शुरुआत बताया। कांग्रेस पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान, अजीजउद्दीन, अशोक मारण और देवांशु कंसाना ने भी आपत्ति जताई। मीडिया से बात करने के बाद सभी पार्षद कमिश्नर अहिरवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने ठेके को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। कमिश्नर अहिरवार ने जलकार्य के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग को तलब किया। कमिश्नर ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली है और मामले की जांच करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि रहवासी चाहेंगे, तभी यह व्यवस्था की जाएगी। नई व्यवस्था अनिवार्य नहीं है। जिन कॉलोनियों की रहवासी समितियां सहमत होंगी, वहीं इसे लागू किया जाएगा।
तीन आदेशों से गजानंद सिक्योरिटी को मिली जिम्मेदारी
कंपनी को मिलने वाला 3 से 5 रुपए प्रति हजार लीटर का अंतर लीकेज सुधार, रखरखाव और कर्मचारियों पर खर्च होगा। एजेंसी ने कॉलोनियों में रहवासियों से संपर्क शुरू कर दिया है। कॉलोनियों को मकानों की संख्या के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें 100 मकानों तक, 100 से 200 मकानों तक और 200 से अधिक मकानों वाली कॉलोनियां शामिल हैं। इस श्रेणी बंटवारे के आधार पर ही रहवासियों से बातचीत की जा रही है। भोपाल की 829 कॉलोनियों में बल्क पानी कनेक्शन हैं। इन बल्क कनेक्शनों से नगर निगम को सालाना करीब 35 से 40 करोड़ रुपए मिलते हैं। शहर में लगभग 2.80 लाख व्यक्तिगत पानी कनेक्शन हैं। इन व्यक्तिगत कनेक्शनों से सालाना 44 से 45 करोड़ रुपए की आय होती है। इस साल 193 करोड़ रुपए की आय का अनुमान है।

