करीब 9 से 10 फीट ऊंचाई से गिरकर दो मजदूर घायल हुए, हालत खतरे से बाहर
उज्जैन के चरक अस्पताल के पास निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग में रविवार को पुताई के दौरान हादसा हो गया। काम करते समय अचानक लिफ्ट फेल होकर एक तरफ झूल गई। लिफ्ट पर सवार दो मजदूर करीब 9 से 10 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरकर घायल हो गए। हादसे में सोम प्रजापति और रोहित को चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शी नीरज के अनुसार, वे मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग में कलर-पुताई का काम कर रहे थे। इसी दौरान सामग्री तैयार करते समय लिफ्ट अचानक फेल हो गई। लिफ्ट एक तरफ झूलने से उस पर मौजूद मजदूर नीचे गिर गए। सोम को सरिया लगने से चोट आई, जबकि रोहित का पैर दबने से मोच आ गई। नीरज भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन नीचे होने के कारण उन्हें मामूली चोट आई। उनके साथ काम कर रहे मजदूरों की स्थिति पर पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर गेट लगाकर सिक्योरिटी गार्ड ने लोगों की आवाजाही रोक दी। मामले में ठेकेदार पक्ष अभी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

