कांग्रेस ने 12 दिसंबर को राजधानी भोपाल में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की महारैली के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रशासन से 7 से 13 दिसंबर तक लाल परेड ग्राउंड की मांग की है, लेकिन मैदान आवंटन की सहमति अभी नहीं मिली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पूरे देश में संविधान, लोकतंत्र और वोट के अधिकार की रक्षा का नया नैरेटिव तैयार हो रहा है। इसी कड़ी में जबलपुर में प्रदेश स्तरीय संविधान रक्षा मार्च निकाला जा रहा है, जिसमें पार्टी के सभी विधायक, जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पटवारी के मुताबिक शासन से मैदान मिलते ही तैयारियां और तेज कर दी जाएंगी। उनके अनुसार रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे और प्रदेश भर से लाखों कार्यकर्ता भोपाल जुटेंगे। रैली से पहले कांग्रेस ने भव्य पदयात्रा की रूपरेखा भी बनाई है। पार्टी ने बोर्ड ऑफिस चौराहे से लाल परेड ग्राउंड तक पैदल मार्च की अनुमति मांगी है। योजना के अनुसार राहुल गांधी और विपक्षी दलों के अन्य शीर्ष नेता पहले बोर्ड ऑफिस चौराहे पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद नेता और कार्यकर्ता जेल रोड होते हुए पैदल चलकर सभा स्थल लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगे।
समाचार
कांग्रेस ने रैली के लिए मांगा ग्राउंड
25 नवंबर 2026 को 11:32 pm बजे

कांग्रेस ने रैली के लिए मांगा ग्राउंड
