7,006 भारतीय और 686 विदेशी पर्यटक सफारी पर पहुंचे
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में दीपावली के बाद पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज हुई है। वन्यजीवों और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर इस राष्ट्रीय उद्यान में 9 से 15 नवंबर के बीच 7,692 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। इसके लिए 1,513 से ज्यादा सफारी वाहनों से पर्यटकों ने जंगल की सैर की। सफारी करने वालों में 7,006 भारतीय और 686 विदेशी पर्यटक शामिल रहे। पर्यटकों की यह संख्या बांधवगढ़ की देश-विदेश में बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है। पूरे सप्ताह यहां पर्यटकों की अच्छी आवाजाही बनी रही। सफारी के आंकड़ों में 12 नवंबर सबसे आगे रहा। उस दिन सर्वाधिक 1,276 पर्यटकों ने जंगल सफारी की। वहीं 10 नवंबर को 1,268 पर्यटक बांधवगढ़ पहुंचे। पर्यटकों ने कोर क्षेत्र के साथ बफर क्षेत्रों में भी खास रुचि दिखाई।
इस अवधि में कोर क्षेत्र में 4,811 पर्यटकों ने सफारी की। बफर क्षेत्र में 2,881 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। पर्यटकों के पसंदीदा क्षेत्र ताला और मगधी रहे। विदेशी पर्यटकों को भी मगधी जोन ने खास तौर पर आकर्षित किया। वहां 235 विदेशी पर्यटकों ने भ्रमण किया। पर्यटकों की बढ़ती संख्या वन्यजीव पर्यटन के विस्तार के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी उत्साहजनक है। स्थानीय गाइड, सफारी वाहन चालक, होटल, रिसॉर्ट और होम-स्टे संचालकों को इसका लाभ मिल रहा है। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर बन रहे हैं। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने पर्यटकों से नियमों का पालन करने, वन्यजीवों को परेशान न करने और जंगल में कचरा न फैलाने की अपील की है।
