सीहोर में नगर पालिका परिषद शहर के वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के तहत सड़क निर्माण करा रही है। वार्ड क्रमांक 6 में 10 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने किया। सड़क निर्माण की लंबे समय से मांग कर रहे क्षेत्रवासियों को इससे राहत मिलेगी। निर्माण कार्य में लालमन की दुकान से जैन मंदिर तक सीसी रोड बनेगी। जैन मंदिर से आकाश के घर तक भी सड़क बनाई जाएगी। वार्ड की विभिन्न आंतरिक गलियों में भी सीसी रोड का निर्माण होगा। सड़क बनने से आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी। कच्ची व खराब सड़कों से होने वाली परेशानी कम होगी। इस मौके पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि शहर का विकास मुख्य मार्गों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। वार्डों की छोटी गलियों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना जरूरी है। नगर पालिका नागरिकों की जरूरतों और सुझावों के आधार पर विकास कार्य कराएगी। शहर के किसी क्षेत्र को विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। भूमिपूजन के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, पार्षद विद्या बिजोरिया, प्रदीप बिजोरिया, नरेंद्र राजपूत, कमलेश राठौर, दिनेश कुशवाहा, कमलेश कुशवाहा और अर्जुन राठौर मौजूद रहे। वार्ड की गलियों तक विकास कार्य पहुंचाने की योजना है।
समाचार
वार्ड 6 में 10 लाख की सीसी रोड का भूमिपूजन
15 नवंबर 2026 को 11:04 pm बजे
