उज्जैन के गीता भवन में स्वच्छता मित्रों का सम्मेलन हुआ, 3 हजार का सम्मान
उज्जैन के गीता भवन में मंगलवार को स्वच्छता मित्रों का सम्मेलन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मेलन में कहा कि धार्मिक नगरी उज्जैन ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में देश में पहला स्थान पाया। उन्होंने नगर के सभी 3 हजार स्वच्छता मित्रों को 5-5 हजार रुपए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। देश के कुल 27 पुरस्कारों में से मध्य प्रदेश के 9 शहरों को अलग-अलग श्रेणी में पुरस्कार मिले। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का हृदय प्रदेश होने के साथ अब स्वच्छ प्रदेश भी बन गया है। उन्होंने सफाई मित्रों को स्वच्छता का सच्चा प्रहरी बताया और मंच से उन्हें सम्मानित किया। देपालपुर पुराने सर्वे में 1700वें स्थान पर था, लेकिन अब नंबर-1 बना है। इंदौर के साथ देपालपुर ने भी स्वच्छता सर्वेक्षण में झंडे गाड़े हैं। उज्जैन और देवास को भी अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार मिले हैं। चंबल में ग्वालियर, महाकौशल में जबलपुर और विंध्य में रीवा ने भी नया मुकाम हासिल किया है। मध्य क्षेत्र में बुधनी नगर ने भी यह उपलब्धि पाई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उज्जैन में गीले कचरे को प्रोसेस कर बिजली बनाई जा रही है। स्व-सहायता समूहों की महिलाएं मंदिरों के फूलों से अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल बना रही हैं। सूखे कचरे को ईंधन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
निर्माण और विध्वंस के मलबे के लिए 75 टन प्रतिदिन क्षमता का वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट बन रहा है। घर-घर कचरा उठाने के लिए 40 नए सीएनजी वाहन आ चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सफाई कर्मियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जा रहा है।
