शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण के लिए साल में तीन विशेष आयोजन करने की घोषणा की, पशु-पक्षियों को भी अहम बताया
साल में तीन आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस, हरियाली अमावस्या, गोवर्धन पूजा पर होंगे
भोपाल के स्मार्ट पार्क में गोवर्धन पूजा के अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूजन-अर्चन के बाद पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए साल में तीन विशेष आयोजन करने की घोषणा की। ‘वृक्ष मित्र परिवार’ संगठन के माध्यम से ये आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस, हरियाली अमावस्या और गोवर्धन पूजा पर किए जाएंगे। शिवराज ने जोर देकर कहा कि आने वाली पीढ़ियों की बात करते समय केवल इंसानों को नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों को भी ध्यान में रखना अत्यंत आवश्यक है। मीडिया से बातचीत में शिवराज ने बताया कि ‘वृक्ष मित्र परिवार’ नाम से एक संगठन बनाया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरण और अभियान चलाना है। इस मुहिम से देशभर के लोग सक्रिय रूप से जुड़ रहे हैं। संगठन की ओर से साल के तीन विशेष अवसरों पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहला आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस, दूसरा हरियाली अमावस्या और तीसरा गोवर्धन पूजा पर होगा। शिवराज ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति की आराधना का एक महत्वपूर्ण पर्व है और इस दिन पौधा लगाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ, बच्चों के जन्मदिन और पूर्वजों की पुण्यतिथि जैसे खास अवसरों पर पौधा लगाकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। जब हम आने वाली पीढ़ियों की बात करते हैं, तो उसमें केवल इंसान ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी और कीट-पतंगे भी शामिल हैं, यह बात शिवराज ने स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पूरी जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र का आधार हैं और इनके बिना धरती पर जीवन की कल्पना करना भी असंभव है।
शिवराज सिंह चौहान ने 19 फरवरी 2021 को नर्मदा जयंती के शुभ अवसर पर प्रतिदिन एक पौधा लगाने का संकल्प लिया था। इस संकल्प की शुरुआत उन्होंने अनूपपुर जिले के अमरकंटक में रुद्राक्ष और साल का पौधा लगाकर की थी। जानकारी के अनुसार, इस संकल्प के तहत शिवराज सिंह चौहान अब तक देशभर में 4,500 से अधिक पौधे लगा चुके हैं।
मध्य प्रदेश सहित 20 से अधिक राज्यों में उनके लगाए गए पौधे अब पेड़ों का रूप ले रहे हैं और लहलहा रहे हैं। कई मौकों पर शिवराज एक से अधिक पौधे भी लगाते हैं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, विशिष्ट अतिथियों व आम नागरिकों को भी इस पर्यावरण अभियान में सक्रिय रूप से शामिल करते हैं।

