मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को नीमच जिले के मनासा में 272 करोड़ रुपए की लागत के 111 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने जिलेवासियों को दीपावली की सौगात दी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने गोपाष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि गांधीसागर के हाइड्रो पम्प्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट से मध्य प्रदेश को बड़ी उपलब्धि मिलने वाली है। यादव ने बताया कि यह पूरे एशिया महाद्वीप में अपनी तरह की पहली और सबसे बड़ी परियोजना है। इससे गांधीसागर बांध में अभी बन रही बिजली से बीस गुना अधिक उत्पादन होगा। परियोजना से 2,000 मेगावाट बिजली बनेगी। लगभग 12 हजार करोड़ रुपए के निवेश से तैयार इस परियोजना से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदसौर और नीमच क्षेत्र को इंडस्ट्रियल पार्क की बड़ी सौगात भी मिलने जा रही है। राज्य सरकार बुधवार को गांधीसागर में डेस्टिनेशन कैबिनेट करने जा रही है। पम्प्ड स्टोरेज परियोजना में दो बड़े वॉटर टैंक बनाए गए हैं, एक ऊपर और दूसरा थोड़ा नीचे। दोनों टैंकों के बीच पानी के ऊपर-नीचे जाने से बिजली बनेगी। पीक आवर्स में ऊपर के टैंक का पानी तेजी से नीचे लाकर टरबाइन से बिजली बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे उद्योग, व्यापार, खेती और अन्य जरूरतों के लिए पर्याप्त बिजली मिलेगी। इसका मूल्य भी बहुत कम होगा। उन्होंने इसे ऊर्जा सुरक्षा, आधुनिक तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर उपयोग की दिशा में अहम उपलब्धि बताया। यादव के मुताबिक गांधीसागर प्रदेश में चीतों का नया घर बन गया है, जिससे वन्यजीव पर्यटन को नई गति मिली है। बांध में केज कल्चर तकनीक से मत्स्य पालन को बढ़ावा मिला है और मछुआरों की समृद्धि का रास्ता खुला है। सरकार ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा शुरू की है। राज्य सरकार अगले दो साल में 15 हजार से अधिक नई बसें चलाने की योजना बना चुकी है। बहुत जल्द नीमच और मंदसौर जिले को हवाई सेवा से भी जोड़ा जाएगा। इस साल बारिश कम होने पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को फसलों का सर्वे कराने और किसानों को उचित मुआवजा बांटने के निर्देश दिए।
समाचार
मुख्यमंत्री यादव ने मनासा में 272 करोड़ के 111 विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया
17 नवंबर 2026 को 11:06 pm बजे
मुख्यमंत्री यादव ने मनासा में 272 करोड़ के 111 विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण किया
साझा करेंWhatsApp
