कॉरिडोर के लिए 28 गांवों के 917 किसानों से जमीन ली गई, 816 करोड़ रुपये से ज्यादा मुआवजा बंटा
इंदौर से उज्जैन के बीच सिंहस्थ 2028 के लिए नया ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर बन रहा है। करीब 3000 करोड़ रुपये की लागत वाली यह सड़क 48 किलोमीटर लंबी होगी। काम तेजी से चल रहा है। सिंहस्थ को देखते हुए इसे तय समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह सड़क हातोद, पालिया और चंद्रावतीगंज होते हुए उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर तक पहुंचेगी। इंदौर के देपालपुर रोड पर पितृ पर्वत के नीचे से गुजर रही सड़क पर दिनभर काम चलता है। कहीं खुदाई हो रही है, कहीं जेसीबी जमीन समतल कर रही है। हातोद की सीमा से पहले लहलहाती फसलों के बीच मजदूर जुटे हैं। पूरे कॉरिडोर को डेढ़ साल में तैयार करना है। इसमें से चार महीने बीत चुके हैं। जमीनों के अधिग्रहण के कारण काम में पहले ही देरी हो चुकी है। अब एजेंसियों को उज्जैन में कुंभ मेले को देखते हुए सड़क हर हाल में बनाने का लक्ष्य मिला है। सरकार ने 917 किसानों की जमीन लेकर 816 करोड़ रुपये से ज्यादा का मुआवजा बांटा है। बिक्री दरों के आधार पर किसानों को चार गुना तक भुगतान मिला है। कॉरिडोर इंदौर के पितृ पर्वत क्षेत्र से शुरू होगा। यह उज्जैन में चिंतामन गणेश मंदिर के पास सिंहस्थ बायपास तक जाएगा। इस मार्ग के लिए 28 गांवों के किसानों से जमीन ली गई है। सड़क निर्माण शुरू होने से आसपास की जमीनों के भाव बढ़ गए हैं। इंदौर जिले के 20 गांव और उज्जैन जिले के 28 गांव सीधे जुड़ेंगे। 50 से ज्यादा गांवों को भी कनेक्टिविटी मिलेगी। हातोद के ग्रामीण किशन सिंह बताते हैं कि पहले उज्जैन जाने का रास्ता टुकड़ों में था। अब पूरी सड़क एक जैसी बन रही है। इंदौर के अलावा हातोद, देपालपुर और पीथमपुर के लोगों को फायदा होगा। धार से आने वाले लोग भी हातोद होकर उज्जैन जा सकेंगे। सिंहस्थ में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह कॉरिडोर सुविधाजनक होगा। एयरपोर्ट से आने वाले यात्री सीधे उज्जैन पहुंच सकेंगे। इससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव घटेगा। इंदौर से उज्जैन के बीच पुरानी चार लेन सड़क छह लेन हो चुकी है।

