देश-विदेश के खिलाड़ी, अधिकारी और खेल प्रेमी भोपाल की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक खेल सुविधाओं से परिचित होंगे। मंत्री सारंग ने शहरवासियों से स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। हजारों युवाओं के हाथों में हॉकी स्टिक, खिलाड़ियों का सड़क पर हॉकी खेलना और शहरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने दिखा दिया कि भोपाल एशियाई महिला हॉकी के महाकुंभ के स्वागत के लिए तैयार है। 19 से 28 नवंबर तक होने वाली यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ेगी।
राजधानी आगामी 19 से 28 नवंबर तक होने वाली एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 को लेकर पूरी तरह हॉकीमय हो गई है। रविवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में भव्य हॉकी वॉकथॉन का आयोजन किया गया। होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक निकाली गई इस वॉकथॉन में ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर सहित पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हुए। वॉकथॉन का सबसे आकर्षक नजारा तब देखने को मिला, जब हजारों की संख्या में युवा हाथों में हॉकी स्टिक लेकर सड़कों पर उतरे। मंत्री सारंग और खिलाड़ियों ने भी सड़क पर हॉकी खेलकर लोगों को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। सड़क पर हॉकी खेलते खिलाड़ियों और युवाओं के उत्साह ने पूरे आयोजन को अनूठा खेल उत्सव बना दिया। वॉकथॉन में भोपाल शहर के खिलाड़ी, प्रबुद्धजन, व्यापारी, फिटनेस प्रेमी, युवा और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। पूरे मार्ग पर हॉकी के प्रति जुनून और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर उत्साह दिखा। इस आयोजन के जरिए शहरवासियों को एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी से जोड़ने का संदेश दिया गया। मंत्री सारंग ने कहा कि भोपाल का हॉकी से पुराना और गौरवशाली संबंध रहा है। भोपाल ने देश को कई प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हॉकी भोपाल की खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है। मंत्री सारंग ने कहा कि इस टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। सरकार का प्रयास है कि इस आयोजन को केवल अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर पूरे भोपाल का खेल उत्सव बनाया जाए। युवाओं की हाथों में हॉकी स्टिक लेकर भागीदारी बताती है कि शहर के युवा खेलों के प्रति उत्साहित हैं। वॉकथॉन और जागरूकता अभियान से शहर के हर वर्ग को आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया गया है। मंत्री सारंग ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में भारत सहित एशिया की 6 शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी। लगभग 150 अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी अपने खेल कौशल, तकनीक और दमखम का प्रदर्शन करेंगी। मंत्री सारंग ने कहा कि इस प्रतियोगिता से भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के बड़े आयोजन की मेजबानी का अवसर मिल रहा है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इससे अधिक नागरिक, युवा और विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी मुकाबले देख सकेंगे। भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) का कैटेगरी-1 प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के साथ हैदराबाद के बाद भोपाल देश का दूसरा शहर बना है, जिसे यह गौरव मिला है। मंत्री सारंग ने कहा कि यह उपलब्धि मध्य प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास का प्रमाण है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित इस मैदान पर एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले होना भोपाल के लिए विशेष गौरव है। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण 166 देशों में स्टार स्पोर्ट्स और हॉटस्टार के माध्यम से किया जाएगा। मंत्री सारंग ने बताया कि इससे भोपाल की मेजबानी और मध्य प्रदेश की खेल अधोसंरचना को वैश्विक पहचान मिलेगी। दुनिया भर के हॉकी प्रेमी प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले देख सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। इसके साथ पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होते हैं।
