1920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली परियोजना पर 11500 करोड़ रुपए का निवेश हो रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुधवार, 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर बांध स्थल पर राज्य मंत्रि- परिषद् की बैठक होगी। उन्होंने इसे भोपाल के बाहर हुई सभी डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठकों में सबसे अलग और प्रभावी कदम बताया। यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में मीडिया से यह जानकारी दी। गांधीसागर की पम्प्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की कुल लागत 11 हजार 474 करोड़ रुपए है। मुख्यमंत्री के मुताबिक पीक ऑवर्स में इससे 2 हज़ार मेगावाट बिजली बनेगी और मांग के अनुसार तुरंत आपूर्ति हो सकेगी। उनका कहना है कि इस बिजली का मूल्य सामान्य से लगभग आधा होगा। यादव ने इसे पूरे एशिया में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट बताया। ग्रीनको ग्रुप यह 1920 मेगावाट भंडारण क्षमता वाली परियोजना विकसित कर रहा है, जिस पर 11500 करोड़ रुपए का निवेश हो रहा है। पूरी क्षमता पर यह लगातार 6 घंटे बिजली बना सकेगी। परियोजना लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर बन रही है और इसमें दो जलाशय हैं। निचला जलाशय मौजूदा गांधीसागर जलाशय है, जिससे केवल 2.4 टीएमसी पानी बार-बार उपयोग होगा। पानी की खपत नहीं होगी, उसे चक्रिय रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। अतिरिक्त सौर या पवन ऊर्जा से पानी निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पंप कर संग्रहित किया जाएगा। अधिक मांग के समय ऊपरी जलाशय से पानी छोड़ने पर टरबाइन चलकर बिजली बनाएंगे। परियोजना में 9 टर्बाइन लग रहे हैं और रेटेड हेड लगभग 122 मीटर है।

