अनूपपुर जिले की भालूमाड़ा पुलिस ने सोमवार दोपहर 15 किलो 617 ग्राम गांजे के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 1 लाख 55 हजार रुपए बताई गई है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। थाना प्रभारी राधिका भगत ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि तीन लोग पीठ पर बैग टांगकर ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने बताए गए इलाके में घेराबंदी की और शिवलेहरा रोड पर दारसागर में आम के पेड़ के नीचे तीन संदिग्ध लोग मिले। संदिग्धों के पास काले रंग के बैग थे, जिनकी तलाशी लेने पर उनमें से 15 किलो 617 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी दमोह जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने अपना नाम रंजीत सिंह ठाकुर (24), रंजीत सिंह ठाकुर (25) और आशीष ठाकुर (19) बताया है। दोनों रंजीत सिंह दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के भजिया गांव के निवासी हैं, जबकि आशीष ठाकुर दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के छापरी ठाकुर गांव का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा छत्तीसगढ़ से लाए थे। उन्होंने स्वीकार किया कि भालूमाड़ा में खरीदार न मिलने पर वे इस गांजे को दमोह ले जाने वाले थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने छत्तीसगढ़ के रास्ते ग्रामीण इलाकों से होते हुए दारसागर तक का सफर तय किया था। आरोपियों ने यह भी बताया कि दारसागर से वे गांव के रास्ते कोतमा की ओर जाने की योजना बना रहे थे। भालूमाड़ा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य स्रोतों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
समाचार
15 किलो से अधिक गांजा लेकर तीन गिरफ्तार
2 नवंबर 2026 को 10:51 pm बजे
15 किलो से अधिक गांजा लेकर तीन गिरफ्तार
