सीहोर जिले के किसान ओमप्रकाश चौहान ने 22 जून को रेहटी के चौहान कृषि सेवा केंद्र से आईएफएफडीसी कंपनी का एमटीयू-7029 किस्म का 300 किलो धान बीज खरीदा था, जिसकी कीमत 15 हजार रुपए थी। बीज के पैकेट पर पैकिंग मई 2026 दर्ज है
सीहोर जिले के रेहटी क्षेत्र के गेंहूंखेड़ा गांव के किसान ओमप्रकाश चौहान की धान की फसल 140 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी तैयार नहीं हुई है। फसल में अब तक बालियां नहीं आई हैं, जिससे किसान परेशान हैं। किसान का आरोप है कि बीज विक्रेता ने 120 दिन में फसल पकने का भरोसा देकर उन्हें बीज बेचा था, लेकिन अब तक फसल तैयार नहीं हुई है। ओमप्रकाश ने 22 जून को रेहटी के चौहान कृषि सेवा केंद्र से आईएफएफडीसी कंपनी की एमटीयू-7029 किस्म का 300 किलो धान बीज खरीदा था। खरीद का बिल और बीज के पैकेट उनके पास मौजूद हैं। बिल क्रमांक 129 के अनुसार, 300 किलो बीज की कीमत 15 हजार रुपए दर्ज है। बीज के पैकेट पर आईएफएफडीसी कंपनी का नाम और एमटीयू-7029 किस्म को प्रमाणित बीज बताया गया है, जिसकी पैकिंग मई 2026 में हुई थी। किसान के मुताबिक, दुकानदार ने बीज की फसल करीब 120 दिन में तैयार होने की बात कही थी। इसी भरोसे पर उन्होंने खेत में बुवाई की। लेकिन 140 दिन से ज्यादा समय गुजरने के बाद भी फसल में बालियां नहीं आईं। ओमप्रकाश का आरोप है कि उन्होंने फसल की स्थिति दुकानदार और कंपनी को बताई, लेकिन करीब 20 दिनों से जांच के नाम पर उन्हें टालमटोल किया जा रहा है। कंपनी का पक्ष जानने के लिए आईएफएफडीसी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उपलब्ध फोन नंबर बंद मिला। इस बीच, कृषि विभाग ने किसान की शिकायत पर जांच और मदद का आश्वासन दिया है।
