इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन प्रोजेक्ट के तहत टीही से धार के बीच तैयार रेलखंड पर 2 नवंबर को इलेक्ट्रिक इंजन का स्पीड ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान इंजन को अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाकर रेलवे ट्रैक और विद्युतीकरण व्यवस्था की जांच की जाएगी। ट्रायल सुबह 8:30 बजे टीही स्टेशन से शुरू होगा। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस रेलखंड पर बिजली संबंधी काम पूरा हो चुका है। इसे 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन को चार्ज करने की तैयारी है। इसके बाद सोमवार को निर्माण विभाग की ओर से सीआरएस निरीक्षण से पहले स्पीड ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल के दौरान टीही से धार और धार से टीही के बीच अलग-अलग गति से इलेक्ट्रिक इंजन चलाया जाएगा। पहले चरण में टीही से धार के बीच 30 और धार से टीही के बीच 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से परीक्षण होगा। इसके बाद टीही से धार के बीच 110 और धार से टीही के बीच अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से इंजन चलाया जाएगा। इस परीक्षण के जरिए नए विद्युतीकृत रेलखंड की प्रोजेक्ट क्षमता की जांच की जाएगी। इसके बाद रेलखंड पर सीआरएस निरीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। स्पीड ट्रायल को देखते हुए रेलवे ने टीही-धार रेलखंड के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों से सतर्क रहने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि परीक्षण के दौरान ट्रैक पर पैदल न चलें, न बैठें और न ही फोटो या वीडियो बनाने के लिए पटरियों के पास जाएं। मवेशियों को भी रेल लाइन के आसपास न छोड़ें। रेलवे के मुताबिक, ट्रेन की वास्तविक गति का अंदाजा दूर से देखकर लगाना मुश्किल होता है। ट्रैक के आसपास डंडा, पाइप या तार जैसी वस्तुएं लेकर भी न जाएं।
समाचार
टीही-धार रेलखंड पर 130 की स्पीड से दौड़ेगा इलेक्ट्रिक इंजन
2 नवंबर 2026 को 10:51 pm बजे

टीही-धार रेलखंड पर 130 की स्पीड से दौड़ेगा इलेक्ट्रिक इंजन
